छबड़ा साम्प्रदायिक हिंसा: पुलिस की कार्यप्रणाली के विरोध में SDPI ने लिखा मुख्यमंत्री को पत्र


सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर छबड़ा पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए है। पत्र में पुलिस द्वारा अवैध तरीके से गिरफ्तार किए जा रहे बेकसूर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को जल्दी रिहा करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की है।

जिला महासचिव शहादत.अंसारी ने बताया कि पार्टी के जिला अध्यक्ष अब्दुल अजीज ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में लिखा है की बारां जिले के छबड़ा कस्बे में दिनांक 11 अप्रैल 2021 को सांप्रदायिक तनाव की घटना हुई थी इसके बाद पुलिस ने हिंदू और मुस्लिम समुदाय के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज करके दर्जनों गिरफ्तारियां की थी।

इनमे से कई लोग अभी भी जेल में हैं। इसके बाद प्रदेश में कोरोना महामारी को रोकने के लिए कई बंदिशें लगा दी गई थी। इन बंदिशों की पालना करवाना छबड़ा पुलिस की ज़िम्मेदारी मे था। लेकिन पुलिस इससे ज़्यादा महत्वपूर्ण काम दंगे के नाम पर बेकसूरों की गिरफ्तारी को मान रही है इसके विरोध में स्थानीय ज़िम्मेदार लोगों ने पुलिस को अवगत करवाया था।

पुलिस के अधिकारियों ने आश्वासन भी दिया था कि किसी भी बेक़सूर को गिरफ्तार नही किया जाएगा और न ही किसी पर फ़र्ज़ी तरीके से मुकदमे लगाए जाएंगे।

लेकिन इसके बावजूद पुलिस द्वारा आज भी मुस्लिम समुदाय के लोगों की गैर कानूनी तरीके से गिरफ्तारियां की जा रही हैं और जो लोग पहले से ही दंगे के किसी मुकदमे में जेल में बंद हैं उनको नई एफआईआर में आरोपी बनाकर प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

उन्होंने पत्र में लिखा है कि जो लोग दंगे में शामिल नहीं है ऐसे लोगों को भी पुलिस जानबूझकर गिरफ्तार कर रही है और उनके ऊपर फर्जी मुकदमे लगा रही है।

इस संदर्भ में जब स्थानीय अल्पसंख्यक समुदाय के लोग थानाधिकारी और अन्य उच्च अधिकारियों से बात करते हैं तो वह लोग कोई स्पष्ट जवाब नहीं देते हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि छबड़ा में मुसलमानों के खिलाफ पुलिस की मानसिकता एकतरफा हो रही है जिसके चलते मुस्लिम समुदाय के लोगों को अवैध तरीके से गिरफ्तार किया जा रहा है। स्थानीय मुस्लिम समुदाय में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गुस्सा और आक्रोश है।

जिलाध्यक्ष ने पत्र के माध्यम से अनुरोध किया है कि इस मामले में जल्द से जल्द संज्ञान लेकर बारां और छबड़ा पुलिस अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्यवाही करें और गैरकानूनी तरीके से हो रही गिरफ्तारी पर रोक लगाने के आदेश देने की कृपा करें।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *