झालावाड़ बारां लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद शर्मा कौन है!

 प्रमोद शर्मा 5 महीने पहले विधानसभा चुनावों से पहले ही भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। अब वो कांग्रेस के टिकट पर वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह को  झालावाड़ में चुनौती देंंगे। प्रमोद शर्मा झालावाड़ कॉलेज में छात्रसंघ के अध्यक्ष रह चुके है और शुरू से ही संंघ और भाजपा से जुड़े हुए हैं। प्रमोद शर्मा को भाजपा में घनश्याम तिवाड़ी का करीबी समझा जाता रहा है। वो कुछ समय केे लिए घनश्याम तिवाड़ी की दीनदयाल वाहिनी पार्टी से भी जुड़े रहे। उनकी छवि क्षेत्र में एक तेज तर्रार नेता की है। उनको वसुंधरा राजे के कट्टर विरोधी के तौर पर भी देखा जाता है।

बारां झालावाड़ लोकसभा क्षेत्र को भाजपा के गढ़ के रूप में जाना जाता है। भाजपा ने यंहा से 8 बार लोकसभा चुनावों में जीत दर्ज की। आजादी के बाद यह सीट सिर्फ झालावाड़ थी, लेकिन 2008 के परिसीमन में झालावाड़ जिले की 4 और बारां जिले की 4 विधानसभा सीटों को मिलाकर झालावाड़ा-बारां संसदीय क्षेत्र का गठन किया गया। यहां अब तक हुए कुल 16 लोकसभा चुनाव में सबसे ज्यादा भाजपा ने 8 बार जीत दर्ज की। 1989 से लगातार इस सीट पर बीजेपी का कब्जा है, वहीं कांग्रेस ने 4 बार, भारतीय जनसंघ ने 2 बार, भारतीय लोकदल ने 1 बार और जनता पार्टी ने 1 बार इस सीट पर कब्जा जमाया।

आजादी के बाद हुए पहले चुनाव में झालावाड़ से कांग्रेस के नेमीचंद कासलीवाल जीते थें, इसके बाद 1957 में कांग्रेस के ओंकारलाल यहां से सांसद बनें। 1962 के चुनाव में कांग्रेस के कोटा राजघराने के पूर्व महाराव बृजराज सिंह सांसद चुने गए। वहीं 1967 और 1971 का चुनाव भी बृजराज सिंह ही जीते लेकिन भारतीय जनसंघ के उम्मीदवार के तौर पर। 1977 की जनता लहर में जब भारतीय जनसंघ का जनता पार्टी में विलय हो गया तब बृजराज सिंह एक बार फिर कांग्रेस में शामिल हुए लेकिन वे 1977 और 1980 का चुनाव पहले बीएलडी और बाद में जनता पार्टी के उम्मीदवार चतुर्भुज नागर से हार गए लेकिन 1984 में कांग्रेस ने इस सीट पर वापसी की और जूझार सिंह यहां से सांसद बनें। इसके बाद 1989 से 1999 तक लगातार 5 बार वसुंधरा राजे यहां से सांसद बनीं। उसके बाद झालरापाटन से विधानसभा का चुनाव लड़ कर वसुंधरा राजे के प्रदेश की राजनीति में एंट्री के बाद 2004 से 2014 तक वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह लगातार 3 बार यंहा से सांसद बन चुके हैं।

झालावाड़-बारां लोकसभा के अंतर्गत 8 विधानसभाएं आती हैं जिनमें चार झालावाड़ जिले की झालरापाटन , खानपुर, मनोहर थाना और डग है। वंही चार विधानसभा बारां जिले की बारां-अटरु, अंता, छबड़ा और किशनगंज है। हाल ही संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 8 में से 5 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में झालावाड़ जिले की चारों सीट- डग, झालरापाटन, खानपुर और मनोहर थाना और बारां जिले की छबड़ा सीट पर कब्जा जमाया। झालरापाटन से भाजपा की वसुंधरा राजे और छबड़ा से प्रताप सिंह सिंघवी ने जीत दर्ज की। वहीं कांग्रेस के खाते में बारां जिले की अंता, किशनगंज और बारां-अटरू की सीट आईं। अंता विधानसभा से कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया ने जीत दर्ज की जिन्हें कांग्रेस की सरकार में मंत्री भी बनाया गया। बारां अटरू की सीट पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पानाचंद मेघवाल ने जीत दर्ज की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *