साफिया की जीत के साथ राजस्थान में कांग्रेस का शतक पूरा!

राजस्थान में अलवर की रामगढ़ विधानसभा सीट पर जीत दर्ज कर कांग्रेस ने विधानसभा में शतक पूरा कर लिया है। इस जीत के साथ ही राजस्थान विधानसभा में अब कांग्रेस के 100 विधायक हो गए है। कांग्रेस की प्रत्याशी सफिया जुबेर खान ने रामगढ़ विधानसभा सीट पर 12228 वोटों से जीत दर्ज कर ली है। अभी जीत की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन मतगणना के सभी 20 राउंड पूरे हो गए हैं। भाजपा प्रत्याशी सुखवंत सिंह ने अपनी हार स्वीकार कर ली है और उनका कहना है कि उन्हें जनता का आदेश स्वीकार है।

रामगढ़ विधानसभा सीट पर

बसपा प्रत्याशी की मृत्यु हो जाने की वजह से 7 दिसम्बर को होने वाले चुनाव को स्थगित कर दिया गया था और चुनाव 28 जनवरी को हुए थे जिसकी मतगणना 31 जनवरी को हुई।

रामगढ़ विधानसभा से कुल 20 प्रत्याशियों ने अपना भाग्या आजमाया था । चुनाव से पूर्व भाजपा, कांग्रेस और बसपा प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे थे लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी सफिया खान ने सबको पीछे छोड़ते हुए जीत का परचम लहराया है।

अलवर में रामगढ़ का विधानसभा चुनाव बसपा प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह के निधन के बाद स्थगित हुआ था और बसपा ने दूसरी बार पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह के बेटे जगत सिंह को प्रत्याशी बनाया था। जगत सिंह 2013 में भाजपा के टिकट पर विधायक रह चुके है लेकिन इस बार टिकट कट जाने से भाजपा से नाराज होकर उन्होंने पार्टी छोड़ दी और बसपा के टिकट पर रामगढ़ से चुनाव लड़ा।

भाजपा ने भी वर्तमान विधायक और भाजपा सरकार में अपने विवादित बयानों से चर्चित रहने वाले विधायक ज्ञान देव आहूजा का टिकट काट कर सुखवंत सिंह को प्रत्याशी बनाया था लेकिन सुखवंत सिंह को हार का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *