राजनीति

63 पार्षद वाली भाजपा नहीं बना पाई जयपुर में अपना महापौर

By khan iqbal

January 22, 2019

भाजपा के मनोज भारद्वाज को हराकर विष्णू लाटा जयपुर नगर निगम के महापौर निर्वाचित हो गए।

भाजपा के 63 पार्षद होने के बावजूद मनोज भारद्वाज को हार का सामना करना पड़ा। 91 सदस्यीय जयपुर नगर निगम में 63 पार्षद भाजपा के तथा 18 पार्षद कांग्रेस के हैं।

मनोज भारद्वाज के नाम का भाजपा पार्षद ही विरोध कर रहे थे लेकिन पार्टी पदाधिकारियों ने फिर भी मनोज भारद्वाज को ही प्रत्याशी घोषित कर दिया जिसका खामियाजा भुगतना पड़ा।

मनोज भारद्वाज को 44 वोट मिले जबकि विष्णु लाटा को 45 वोट मिले और भाजपा के प्रत्याशी मनोज भारद्वाज को एक वोट से हार का सामना करना पड़ा।

इससे पहले भाजपा के मेयर अशोक लाहोटी के सांगानेर से विधायक बन जाने के कारण मेयर का पद खाली हो गया था। भाजपा के पास 63 पार्षद होने की वजह से उसी का मेयर बनना तय माना जा रहा था,लेकिन विष्णु लाटा के बग़ावत करने के बाद भाजपा की जीत हार में बदल गई।