समाज

चिल्ड्रन इस्लामिक प्रदर्शनी का आयोजन, बच्चों ने मॉडल बनाकर समझाई कुरान की शिक्षाएं

By Raheem Khan

October 25, 2021

जमाते इस्लामी हिंद जयपुर की ओर से “मुहम्मद कौन?” अभियान के तहत रविवार को हज हाउस में चिल्ड्रन इस्लामिक सर्किल, जमाते इस्लामी हिंद करबला की ओर से चिल्ड्रेन इस्लामिक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

प्रदर्शनी की समन्वयक सिदरा शकील ने बताया कि प्रदर्शनी में इस्लामी शिक्षाओं को विभिन्न मॉडलों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया । एक मॉडल के द्वारा बताया गया कि कुरआन की शिक्षाएं संपूर्ण मानवजाति के लिए हैं। दूसरे मॉडल में बताया गया कि पहले मानव की हत्या करने वाले पर सारे मानवों की हत्या की सजा का भागीदार है। किसी मॉडल में धनवान लोगों को अपना धन जकात के माध्यम से निर्धनों पर खर्च करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ स्वर्ग व नर्क को भी मॉडल के माध्यम से बताया गया कि अच्छे कर्म का नतीजा स्वर्ग व बुरे कर्मों का नर्क होगा। इस प्रदर्शनी में विभिन्न कालों में आए ईशदूतों के संदेशों एवं संस्कृति को भी मॉडल के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

इकाई अध्यक्ष मुहम्मद इमरान ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमाते इस्लामी हिन्द राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष मुहम्मद नाजीमुद्दीन ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की एवं प्रदेश की अन्य इकाइयों में भी ऐसे आयोजन करने के निर्देश दिए साथ ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आयोजन में पधारे ब्रह्मपुरी थानाधिकारी प्रदीप सिंह ने बच्चों की मेहनत को अत्यधिक सराहा एवं उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए इस तरह के आयोजन के लिए आयोजकों का धन्यवाद किया।

कार्यक्रम में डॉक्टर इकबाल सिद्दीक़ी, इंजीनियर मुहम्मद रमज़ान,शाहिद हुसैन, रुबीना अबरार, शमा परवीन, सलीम अहमद, गफ्फार नेता, ब्रह्मपुरी थाना स्टाफ व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी में भारी संख्या में महिलाओं के साथ बच्चे भी लाभान्वित हुए। प्रदर्शनी को सफल बनाने में ऐस. आई. ओ. , जी. आई. औ. व मुस्लिम यूथ फोरम कर्बला इकाई ने विशेष सहयोग किया !